बढ़ी हुई फीस पर JNU के बाहर छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस ने छात्रों पर इस्तेमाल की वाटर कैनन
जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में 11 नवंबर 2019 को तीसरे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया है। इस दौरान परिसर के अंदर उप-राष्ट्रपति वैंकेया नायडू भाषण दे रहे थे, तो बाहर छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद छात्रों को पुलिस ने काफी समय तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। छात्रों के उग्र होने पर पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया है। बताया जा रहा है कि एक छात्र की हालत खराब हो गई है।

बताते चलें कि सुबह जेएनयू छात्र संघ ने फीस बढ़ोत्तरी और ड्रेस कोड को लेकर विरोध मार्च निकाला। छात्र, वाइस चांसलर के खिलाफ जेएनयू कैंपस के बाहर उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस और छात्रों के बीझ झड़प हो गई है। फिलहाल किसी तरह का बल प्रयोग पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों की तरफ से नहीं किया गया है। दीक्षांत समारोह में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद हैं।
छात्रों को बसों में भरकर पुलिस वहां से निकालने की कोशिश कर रही है। छात्रों का कहना है कि फीस में कटौती की मांग को स्वीकार नहीं किए जाने तक वे दीक्षांत समारोह को नहीं होने देंगे। जेएनयू की छात्र परिषद यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर पिछले 15 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। मगर, मांगे नहीं सुने जाने पर वे संगठित होकर प्रदर्शन करने के लिए बैरिकेटिंग को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि कम से कम 40 फीसद छात्र आर्थिक रूप से गरीब पृष्ठभूमि से आते हैं। फीस बढ़ाए जाने के बाद वे किस तरह से पढ़ाई कर सकेंगे।






