IOA के आजीवन अध्यक्ष बने सुरेश कलमाड़ी तो खेलमंत्री विजय गोयल को चुभी यह बात!
कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले मामले में जेल जाने वाले सुरेश कलमाड़ी को भारतीय ओलंपिक संघ का आजीवन अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। इसके साथ ही भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे अभय सिंह चौटाला को मानद आजीवन अध्यक्ष बनाया गया है। इन दोनों के नाम पर चेन्नई में हुई वार्षिक आम बैठक में मुहर लगी।
सुरेश कलमाड़ी और अभय सिंह चौटाला को आईओए में जगह दिए जाने के बाद केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल हैरान है। इसके साथ ही उन्होंने फैसले को अस्वीकार्य बताया है। गोयल ने कहा, आईओए ने सुरेश कलमाड़ी और चौटाला को आजीवन अध्यक्ष बनाए जाने से हम हैरान हैं। यह हमें पूरी तरह अस्वीकार्य है। क्योंकि दोनों आपराधिक और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं। गोयल ने कहा, सच्चाई तो यह है कि जब चौटाला और ललित भनोट आईओए के पदाधिकारी चुने गए थे, तब उन्हें आईओसी ने निलंबित कर दिया था।
इसे भी पढ़े - ट्रेन हादसा- कानपुर के पास पटरी से उतरे ट्रेन के 15 डिब्बे, 2 लोगों की मौत
बता दें, कलमाड़ी 1996 से लेकर 2011 तक आईओए के अध्यक्ष रहे। उन्हें 2010 में हुए कॉमनवेल्थ घोटाले मामले में 10 महीने की जेल की सजा काटनी पड़ी थी। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
वहीं चौटाला 2012 से फरवरी 2014 तक आईओए के अध्यक्ष रहें। उस वक्त अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने चुनावों में आईओए को निलंबित रखा था। क्योंकि उसने चुनावों में ऐसे उम्मीदवार उतारे थे। जिनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल थे। आईओसी ने आईओए के अध्यक्ष पद का चुनाव रद्द कर दिया था।
इसे भी पढ़े - गुस्ताखीः चीन ने एफसी-31 का परीक्षण कर अमेरिका को डराया!
खेलमंत्री विजय गोयल ने बताया कि मंत्रालय ने इस संबंध में आईओए से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि, समीक्षा के बाद हम उचित कार्रवाई करेंगे।
