भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज को लगी चोट
युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को चोट लग गई है और वह 11 जुलाई से शुरू हो रहे वेस्टइंडीज के दौरे के लिए इंडिया ए टीम से बाहर हो गए हैं | उन्हें किस तरह की चोट लगी है अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है लेकिन वे बेंगलुरु में नेशनल क्रिकेट एकेडमी में इलाज करा रहे हैं | उनके बाहर होने के चलते महाराष्ट्र के 20 साल के युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल किया गया है | उन्होंने जून में श्रीलंका ए के खिलाफ घरेलू सीरीज में इंडिया ए के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया था | 5 मैचों की वनडे सीरीज में उन्होंने 4 पारियों में 470 रन बनाए थे और वह रन बनाने के में सबसे ऊपर थे |
इसमें उनकी नाबाद 187 रन की पारी भी शामिल है | वेस्ट इंडीज दौरे पर जा रही इंडिया ए टीम से मयंक अग्रवाल और ऋषभ पंत पहले ही बाहर हो गए थे | इन दोनों को इंडिया की वर्ल्ड कप टीम का बुलावा गया | पंत को शिखर धवन और मयंक को विजय शंकर के बाहर होने के चलते टीम इंडिया में शामिल किया गया है | ऐसे में इन दोनों की जगह अनमोलप्रीत सिंह और ईशान किशन को लिया गया है | 15 सदस्यीय इंडिया ए टीम अभी बेंगलुरु में एनसीए में फिटनेस पर काम कर रही है | इंडिया ए को वेस्ट इंडीज में 5 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है | अनमोलप्रीत और किशन पिछले एक साल से इंडिया ए में शामिल थे | दोनों श्रीलंका ए के खिलाफ सीरीज में भी खेले थे | अनमोलप्रीत ने 2 चार दिवसीय मैचों की 3 पारियों में 241 रन बनाए थे | हालांकि किशन कुछ खास नहीं कर पाए थे | वे इन मैचों में कुल 90 रन ही बना सके थे | पंत और किशन एक साथ अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेले थे | इस टीम के कप्तान किशन ही थे |























