पाकिस्तान में बिजली का कहर, 5 लोगों की मौत
पाकिस्तान में भी आकाशीय बिजली का कहर देखने को मिला है | पाकिस्तान गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की वजह से 5 लोगों की मौत हो गई है | स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिलगित-बाल्टिस्तान के शिगर जिले के चौतरोन गांव में आकाशीय बिजली गिरने के बाद घरों में आग लग गई | घटना के बाद, स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कर दिया | घटना वाले इलाके में बचाव और अग्निशमन दल नहीं थे | रिपोर्ट की मानें तो मृतकों में 3 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं | जख्मी लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है |
इससे पहले भारत में आकाशीय बिजली गिरने से जान-माल की हानि हो चुकी है | बीते दिनों बिहार के कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से करीब 30 लोगों की मौत हो चुकी है | बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक राज्य के कई हिस्सें आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए | इससे 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं | विभाग के अनुसार, वज्रपात से सबसे अधिक भागलपुर में छह लोगों की मौत हुई, जबकि बेगूसराय में चार, सहरसा, पूर्णिया, अररिया, जमुई, दरभंगा, मधेपुरा, खगड़िया, कटिहार, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, शिवहर, नवादा और गया में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से कई लोगों की मौत हुई है |










