मेट्रो और डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा को लेकर लोगों ने जताई सहमति
दिल्ली सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल रायने दावा किया है कि मेट्रो और डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा का 90 फीसदी से अधिक लोगों ने सहमति जताई है | उन्होंने मंगलवार को बताया कि 10 दिन के जनमत संग्रह में महिलाओं के लिए 1120 बैठकों के माध्यम से 71,552 लोगों का सर्वेक्षण किया गया | इसमें से 64,972 उत्तर दाताओं ने योजना का समर्थन किया | आप सरकार ने इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में महिलाओं के लिए मेट्रो और बस यात्रा मुफ्त करने का प्रस्ताव रखा था | बीजेपी ने आप सरकार की इस योजना का विरोध किया था | जिसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आप पार्टी के विधायकों, पार्षदों और इसकी महिला विंग को इस योजना पर लोगों से प्रतिक्रिया लेने के लिए शहर भर में बैठकें आयोजित करने का निर्देश दिया |
जनमत संग्रह के परिणामों को लेकर मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आप की दिल्ली इकाई के संयोजक और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा - 8 जून से 17 जून तक 10 दिनों तक AAP के विधायकों, पार्षदों और महिलाओं विंग ने सर्वेक्षण के माध्यम से शहर भर की महिलाएं से बातचीत की | इन 10 दिनों में झुग्गी-बस्तियों, अनधिकृत कॉलोनियों, हाउसिंग सोसाइटियों, फ्लैटों सहित समाज के एक क्रॉस-सेक्शन के लोगों के साथ लगभग 1120 बैठकें आयोजित की गईं | इन बैठकों के माध्यम से 71,552 लोगों का सर्वेक्षण किया गया और 64,972 लोगों ने कहा कि वे इस विचार का समर्थन करते हैं | यह सर्वेक्षण किए गए कुल लोगों का 90.8% है | इन लोगों ने दिल्ली सरकार द्वारा प्रस्तावित सार्वजनिक परिवहन योजना में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा पर अपनी सहमति व्यक्त की | इस योजना के संबंध में आगे के चरणों पर गोपाल राय ने कहा कि मुफ्त यात्रा योजना के संबंध में एकत्रित की गई यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सौंपी जाएगी | सरकार रिपोर्ट के आधार पर अपनी अगली कार्रवाई का आधार बनाएगी |









