कांग्रेस पार्टी अब एक नई मुसीबत से जूझ रही
यूपी कांग्रेस में एक तरफ हार का मंथन चल रहा है तो वहीं पार्टी अब एक नई मुसीबत से जूझ रही है | इसी क्रम में मंगलवार को लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में चोरी की खबर सामने आई है | लेकिन हैरानी की बात है कि चोरों ने पूरे पार्टी दफ्तर में सिर्फ हाजरी लगाने वाली 'बायोमेट्रिक' मशीन ही चुराई | मामला सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं की तरफ से हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है | पुलिस इस घटना की जांच में जुट गई है |
लखनऊ के हुसैनगंज थाने में 7 जून को दर्ज एफआईआर के मुताबिक कांग्रेस मुख्यालय से बायोमेट्रिक मशीन गायब पाई गई | इस चोरी के बाद पता चला कि अब तक कांग्रेस ने अपने दफ्तर में ना ही सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे और ना ही किसी सुरक्षाकर्मी की व्यवस्था की थी | इस चोरी के बाद पार्टी ने किरकिरी से बचने के लिए आनन फानन में पूरे पार्टी ऑफिस में सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं | साथ ही बायोमेट्रिक मशीन भी लगवा दी है | पार्टी ने हार के बाद मीडिया में बयान देने पर भी प्रतिबंध लगा रखा है | ऐसे में पार्टी कार्यालय में हुई इस चोरी की घटना के बारे में भी कोई कांग्रेसी बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन हैरानी की बात है कि आखिर चोर कांग्रेस की अटेंडेंस मशीन का क्या करेंगे..या फिर कोई और कौन है जिसे कांग्रेस ऑफिस में लगी ये बायोमेट्रिक मशीन पसंद नहीं हैं | वहीं पुलिस चोरी की घटना की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है |









