ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया
मेजबान ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला मेलबर्न में खेला जा रहा है। इसी मैच के के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम के तेज गेंदबाज पीटर सिडल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। पीटर सिडल को इस सीरीज के आखिरी टेस्ट मैच के लिए टीम से बाहर कर दिया है। उनके संन्यास लेने का कारण ये भी हो सकता है। 35 वर्षीय पीटर सिडल को दूसरे टेस्ट मैच के लिए 13 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन अंतिम एकादश में उनको जगह नहीं मिली। वहीं, आखिरी टेस्ट मैच के लिए उनकी जगह युवा स्पिनर मिचेल स्वेप्शन को टीम में जगह दी गई है। पीटर सिडल ने अपना आखिरी टेस्ट मैच एशेज सीरीज के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ केनिंग्टन में खेला था। ये मुकाबला 12 सितंबर को खेला गया था। इसके बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज पीटर सिडल को प्लेइंग इलेवन में जगह इसलिए भी नहीं मिलती है, क्योंकि कंगारू टीम के पास मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जेम्स पैटिंसन जैसे धाकड़ तेज गेंदबाजों की तिकड़ी है, जो किसी भी टीम के होश उड़ाने के लिए काफी है। कोई भी कप्तान अपने टॉप के गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरना चाहता है। ऐसे में पीटर सिडल बैंच स्ट्रेंथ का हिस्सा होते हैं। हालांकि, इनमें से कोई अगर बाहर होता है तो पीटर सिडल को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है। पीटर सिडल ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए 67 टेस्ट, 20 वनडे इंटरनेशनल और 2 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। 67 टेस्ट मैचों की 126 पारियों में गेंदबाजी करते हुए पीटर सिडल ने 221 विकेट अपने नाम किए हैं। टेस्ट क्रिकेट में पीटर सिडल ने 1164 रन बल्ले से बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, 20 वनडे मैचों में उन्होंने 17 विकेट चटकाए हैं। पीटर सिडल ने 2 टी20 मैचों में 3 विकेट अपने नाम किए हैं।








