इंग्लैंड के ओपनर जेसन रॉय तीसरे टेस्ट से बाहर हो सकते है, ये है वजह
इंग्लैंड के ओपनर जेसन रॉय (Jason Roy) को अभ्यास के दौरान सिर में गेंद लग गई है | तीसरे टेस्ट मैच के शुरू होने से पहले रॉय की चोट की एक बार फिर से जांच की जाएगी | ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीवन स्मिथ चोट लगने के कारण तीसरे टेस्ट मैच से बाहर हो चुके हैं | तीसरा टेस्ट गुरुवार से खेला जाएगा | पांच मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज (Ashes Series) में ऑस्ट्रेलिया पहला टेस्ट जीतकर 1-0 से आगे है | दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहा था |
वेबसाइट क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, रॉय उस समय चोटिल हो गए जब अस्थाई रूप से टीम को कोचिंग दे रहे इंग्लैंड के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मार्कस ट्रेस्कोथिक (Marcus Trescothick) का एक थ्रो सीधे रॉय के सिर में जा लगा | सलामी बल्लेबाज रॉय ने गेंद लगने के बाद चक्कर आने से जुड़ा टेस्ट पास कर लिया है | लेकिन गुरुवार को तीसरे टेस्ट की शुरुआत से पहले उनकी फिर से जांच होगी | इंग्लैंड की टीम ने जेसन रॉय की जगह ओली पोप (Ollie Pope) को स्टैंडबाई रखा है |




