जापान के भीषण तूफान हेजिबीस में सैकड़ों लोग घायल
जापान में भीषण तूफान हेजिबीस ने शनिवार को दस्तक दे दी। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो यह जापान में आने वाला 6 दशक का संभवतः सबसे खराब तूफान है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बाद ही जापान में इसका सामना करने के लिए कदम उठाए गए बावजूद इसके शनिवार को एक शख्स की मौत हो गई और सैकड़ों घायल हो गए। तूफान के चलते 73 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। तूफान के डर से जापान के रेलवे स्टेशन ठप हो गए, गलियां सुनसान हो गईं और लोग अपने घरों में दुबक गए। जापान के मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार शाम वहां 144 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। इन घटनाओं में कई लोग लापता हो गए। नदी के आसपास रहने वाले लोगों को घर की दूसरी मंजिल पर ही रहने की सलाह दी गई है। तूफान से पहले समंदर में भूकंप भी आया जिसकी तीव्रता 5.3 थी लेकिन इसका असर ज्यादा नहीं हुआ क्योंकि सेंटर काफी नीचे था। जापान मौसम विज्ञान विभाग (जेएमए) ने बताया कि तूफान ने स्थानीय समयानुसार शाम करीब सात बजे से पहले मुख्य होंशू द्वीप पर दस्तक दी।
इसके बाद यह तोक्यो से दक्षिण पश्चिम एक प्रायद्वीप इजू की ओर मुड़ गया। तूफान कमजोर पड़ गया है, लेकिन समुद्र तट पर पहुंचने से पहले अब भी यह 216 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रहा है। Hagibis का तागालोग भाषा में अर्थ होता है गति- इसलिए इस भयानक तूफान को यह नाम दिया गया है। तेज हवाओं के चलते बवंडर भी उठ रहे हैं। तट पर दस्तक देने से पहले तूफान की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। पूर्वी तोक्यो के चिबा में तूफान के कारण एक कार पलट गई जिससे ड्राइवर की मौत हो गई। हेजिबीस के चलते लोगों को नदियों और समंदर के किनारे न जाने की चेतावनी दी गई। समंदर में बड़ी-बड़ी लहरें देखी गईं और दूर तक की चीजें समंदर में चली गईं। समंदर के पानी में कारें भी तैरती देखी गईं। निशिकावा नदी से कई लोगों को बचाया गया। जापान के पब्लिक ब्रॉडकास्टर के मुताबिक नदियों में उफान आ गया है और उनके पास जाना खतरे से खाली नहीं है।

