मलिंगा ने इंग्लैंड को किया धराशाई
लीड्स के हेडिंग्ले मैदान में खेले गए वर्ल्ड कप के 27वें मुकाबले में श्रीलंका की टीम ने इंग्लैंड को हराकर सभी को चौंका दिया है। श्रीलंकाई टीम द्वारा दिए गए 232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की पूरी टीम मलिंगा की गेंदों का सामना नहीं कर पाई और 47 ओवर में 212 रन पर ही ढेर हो गई। मैच में श्रीलंका के तेज गेंदबाज और योर्कर किंग कहे जाने वाले मलिंगा ने 4 विकेट झटके और मैन ऑफ द मैच बने।

इसके साथ ही उन्होंने बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। मलिंगा ने वर्ल्ड कप में सबसे तेज 50 विकेट लेने का कीर्तिमान हासिल किया। इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ग्लेन मैकग्रा और हमवतन मुथैया मुरलीधरन को भी पीछे छोड़ा। इन दोनों ही दिग्गज गेंदबाजों ने 30 मैच में 50 विकेट लिए थे वहीं मलिंगा ने ये कारनामा सिर्फ 26 मैच में ही कर दिया। इंग्लैंड के खिलाफ मैच में मलिंगा ने पारी के 33वें ओवर में जोस बटलर (10) को एलबीडब्ल्यू आउट करते ही इस आंकड़े को छू लिया। मैच में मलिंगा ने जेम्स विंस (14), जॉनी बेयरस्टो (0), जो रूट (57) और जोस बटलर (10) के विकेट अपनी झोली में डाले।






























