पंचायती जमीन के विवाद को लेकर चली गोलियां
22-9-2014 10.45AM IST
Medhaj News: किठौर, मेरठ में पंचायती जमीन पर ग्राम प्रधान द्वारा किए जा रहे कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विरोध करने पर प्रधान पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। गांव में पहुंचीं पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। मामला थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव सलेमपुर का है। आरोप है कि ग्राम प्रधान तोता खां ने पंचायत की करीब सौ गज जमीन पर पहले ही एक कमरा बनाकर पचास गज जमीन पर कब्जा कर रखा था। रविवार को वह शेष बची पचास गज जमीन पर भी कब्जे का प्रयास कर रहा था। इसका शब्बाल पक्ष ने विरोध किया। शब्बाल पक्ष का आरोप है कि कब्जे का विरोध करने पर हुई कहासुनी में ग्राम प्रधान पक्ष की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। फायरिंग में शब्बाल और चांदे के अलावा प्रधान पक्ष का सत्तार भी घायल हो गया। चांदे दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव करने आया था। गांव में गोली चलते ही हड़कंप मच गया। गांव में गोली चलने की सूचना पर थाना खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से प्रधान पक्ष के दो लोगों को हिरासत में ले लिया। जबकि ग्राम प्रधान तोता खां पुलिस के आने से पहले फरार हो गया। गांव में गोली चलने की सूचना पर सीओ किठौर रीतेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।