भारत और बांग्लादेश आपसी संबंधों को बेहतर करेंगे
20-9-2014 5.45PM IST
Medhaj News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बांग्लादेश के विदेश मंत्री अबुल हसन महमूद अली की अगवानी की। बांग्लादेश के विदेश मंत्री भारत-बांग्लादेश संयुक्त सलाहकार आयोग की तीसरी बैठक में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली आए हुए हैं।
बैठक के दौरान विदेश मंत्री अली ने भारत और बांग्लादेश के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संपर्कों का स्मरण किया। प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में नई सरकार द्वारा दक्षेस क्षेत्र और भारत के पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों पर विशेष जोर देने की सराहना करते हुए उन्होंने भारत के साथ रिश्ते और प्रगाढ़ करने के लिए बांग्लादेश की जनता और सरकार द्वारा जताई जा रही इच्छा से उन्हें अवगत कराया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रिश्तों के प्रति प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा निजी तौर पर दिखाई जा रही दिलचस्पी और प्रतिबद्धता की सराहना की। इस संदर्भ में उन्होंने ऊर्जा, बिजली, बुनियादी ढांचागत विकास तथा पर्यटन के क्षेत्र में भारत एवं बांग्लादेश के बीच और ज्यादा सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत को रेखांकित किया। भारत और बांग्लादेश के भौगोलिक स्थलों में समपूरक को ध्यान में रखते हुए इस पर सहमति जताई गई है कि परिवहन (सड़क, रेल, अंतर्देशीय जलमार्ग, शिपिंग और वायु) संपर्कों के विकास के जरिए सुनिश्चित होने वाली बेहतर कनेक्टिविटी से आर्थिक सहयोग के साथ-साथ लोगों के बीच संपर्क भी बढ़ेगा।
इसके बाद के कार्यक्रमों में बांग्लादेश के विदेश मंत्री अबलु हसन मोहम्मद अली ने आज भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।
इस अवसर पर बांग्लादेश के विदेशमंत्री का स्वागत करते हुए श्री मुखर्जी ने कहा कि सामुहिक विचार-विमर्श एक अच्छा तंत्र है। बांग्लादेश के विदेश मंत्री अली की पद ग्रहण करने के बाद भारत की यह पहली यात्रा है।
श्री मुखर्जी ने कहा कि अब तक जो निर्णय लिये गये हैं उन्हें जल्द से जल्द कार्यान्वित करने की जरूरत है। पिछले कुछ सालों में भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों का विकास हुआ है। दोनों देशों ने लगभग सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। अब हमें दोनों देशों के बीच संबंध बढ़ाने की जरूरत है।
बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने कहा कि बांग्लादेश सभी क्षेत्रों में उन्नति कर रहा है और शेख हसीना की सरकार देश को आधुनिक युग की तरफ ले जाने के लिए वचनबद्ध है। दोनों देशों के बीच सहयोग के मामले में कोई सीमा ना मानते हुए हमे एक साथ इस दिशा में और कारगर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि उऩके साथ जो इतना बड़ा दल भारत यात्रा पर आया है वो यह दर्शाता है कि दोनों देश के बीच संबंध विकसित करने को लेकर वचनबद्ध है।