डोकलाम गतिरोध के एक साल बाद दोस्त की तरह साथ झूमते दिखे भारत-चीन के सैनिक
नई दिल्ली। डोकलाम में एक साल पहले भारत और चीन की सेना आमने-सामने थी, इस विवाद के समाधान के एक साल बाद दोनों देशों के सैनिकों को गाते, हाथ मिलाते और नाचते देखा गया। भारतीय सेना द्वारा इस संबंध में वीडियो जारी किया गया है। दोनों देशों के सैनिक संयुक्त सैन्य अभ्यास के दौरान दोस्त की तरह मिले हैं।

दरअसल भारतीय सेना की ओर से जारी एक वीडियो में संयुक्त सैन्याभ्यास की पृष्ठभूमि में एक साथ दोनों देश के जवान हाथ में हाथ डालते झूमते हुए दिखाई दिए। दोनों देशों के जवानों की ये तस्वीर सीमा पर कम तनाव को दर्शाता है।
दोनों सेनाओं ने अपने वार्षिक सैन्य अभ्यास ‘हैंड इन हैंड’ को 10 दिसंबर को शुरू किया है, जो चीन के चेंगडू में 23 दिसंबर तक चलेगा। दोनों देशों के जवान के बीच फ्रेंडली फुटबॉल मैच का भी आयोजन किया गया।

एशिया के दो दिग्गजों भारत-चीन के बीच पिछले साल डोकलाम में सीमा विवाद को लेकर काफी उठापटक हुई थी। इस दौरान 73 दिनों तक भारत और चीन की सेना आमने-सामने थी, लेकिन अब हालात सुधर रहे हैं, दोनों पड़ोसी देश संबंधों की मुधरता को प्राथमिकता दे रहे हैं। अगस्त के महीने में चीन के रक्षा मंत्री वेई फेंगेहे भारत की यात्रा पर आए थे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर नया द्विपक्षीय समझौता हुआ था। साथ ही इस बात पर भी रजामंदी जाहिर की गई थी कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच बातचीत को बढ़ाया जाएगा, ताकि फिर से डोकलाम जैसी स्थिति पैदा ना हो।
मेधज न्यूज़ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक करें। आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं।
...


