भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा और आखिरी मैच कल
भारत और साउथ अफ्रीका (India vs South Africa) के बीच बेंगलुरु में रविवार को तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच खेला जाएगा | सीरीज में विराट कोहली (Virat Kohli) की टीम इंडिया (Team India) 1-0 से आगे है और उसकी नजर घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली बार टी20 सीरीज जीतने पर है | सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण धुल गया था | वहीं तीसरे मैच पर भी बारिश का संकट मंडरा रहा है | एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 22 सितंबर को खेले जाने वाले इस मुकाबले में बारिश की आशंका है |
Accu weather के अनुसार बेंगलुरु का मौसम खराब है और रविवार को आसमान में काले बादल छाए रहेंगे | हल्की बारिश हो सकती है | साथ ही आंधी तूफान आने की भी संभावना है | बारिश आने की 56 फीसदी संभावना है | वहीं रात में बारिश की संभावना 40 फीसदी है | दोनों के बीच मुकाबला शाम सात बजे खेला जाएगा | सीरीज का पहला मैच धर्मशाला में खेला जाना था, लेकिन धर्मशाला में भारी बारिश के कारण मुकाबला शुरू ही नहीं हो पाया और बेंगलुरु के मौसम को देखकर संभावना जताई जा रही है कि मुकाबले में बारिश खलल डाल सकती है |
टीम इंडिया (Team India) ने सीरीज का दूसरा मुकाबला सात विकेट से अपने नाम किया था | साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए थे | जवाब में टीम इंडिया (Team India) ने छह गेंद पहले ही तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया | हालांकि एक बार फिर सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) बड़ी पारी खेलने में असफल रहे और अब उनकी नजर बेंगलुरु मैच पर है |



