शोएब मलिक का वनडे क्रिकेट से संन्यास
पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर शोएब मलिक ने एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। मलिक ने शुक्रवार को बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद यह घोषणा की। आईसीसी विश्व कप-2019 के अपने अंतिम मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को 94 रनों से हराया। विश्वकप में शुरू में कई मैच हारने की वजह से बाद में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका है। इस घोषणा के साथ ही अनुभवी पाक बल्लेबाज शोएब मलिक का भी 20 वर्ष लंबा वनडे क्रिकेट करियर समाप्त हो गया है। मलिक ने विश्व कप से पहले ही बताया था कि विश्व कप में पाक का अंतिम मुकाबला उनके करियर का आखिरी वनडे मुकाबला होगा, इसके बाद वह टी-20 पर फोकस करेंगे।
हालांकि विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें टी-20 टीम में जगह मिल भी पाएगी या नहीं यह कहना मुश्किल है।शोएब मलिक को इस विश्व कप में सिर्फ तीन मैच खेलने का मौका मिला था। 16 जून को भारत के खिलाफ मैच उनके करियर का आखिरी वनडे साबित हुआ। भारतीय टेनिस महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा के पति शोएब ने 14 अक्टूबर 1999 में वेस्टइंडीज के खिलाफ शारजाह में अपने वनडे करियर का आगाज किया था। शोएब के नाम 287 वनडे में 34.55 के औसत से 7534 रन बनाए हैं। शोएब मलिक के नाम नौ शतक और 44 अर्धशतक नाम हैं। उन्होंने 158 विकेट भी लिए हैं। मलिक पाकिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलते हैं पर उन्होंने इस टीम के लिए 35 टेस्ट में 1898 रन बनाए हैं और 32 विकेट लिए हैं। क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप यानी टी 20 में वो पाकिस्तान टीम के अहम खिलाड़ी हैं। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 111 मैंचों में 30.58 की औसत से 2263 रन बनाए हैं।

