Ind vs Ban: रोहित ने तोडा धोनी का यह रिकॉर्ड, बने टी20 के सबसे बड़े हिटमैन

रोहित शर्मा इस साल जबर्दस्त फॉर्म में चल रहे हैं और बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी20 मैच में मिली हार की निराशा को उन्होंने राजकोट में दूर कर दिया। रोहित की विस्फोटक बल्लेबाजी की मदद से भारत ने गुरुवार को दूसरे टी20 में बांग्लादेश को 8 विकेट से रौंदकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। रोहित ने इस मैच के दौरान कई कीर्तिमान कायम किए जिसमें उनके द्वारा छक्कों की झड़ी लगाते हुए धोनी के रिकॉर्ड को ध्वस्त करना शामिल था। रोहित से पहले सिर्फ भारतीय महिला टी-20 कप्तान हरमनप्रीत कौर ही 100 मैच खेलने वाली पहली भारतीय (पुरुष-महिला) हैं। रोहित के अलावा महेंद्र सिंह धोनी ने 98, सुरेश रैना ने 78 और विराट कोहली ने 72 टी-20 खेले हैं। पुरुषों में सबसे ज्यादा 111 टी-20 पाकिस्तान के शोएब मलिक ने खेले हैं। दूसरे मैच में भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश को 153/6 के स्कोर पर रोका।
इसके बाद रोहित ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर इस टारगेट को मामूली साबित कर दिया। उन्होंने 43 गेंदों में 6 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 85 रन बनाए। वे दुर्भाग्यशाली रहे और 15 रनों से शतक से चूके। रोहित का यह कप्तान के रूप में 17वां इंटरनेशनल टी20 मैच था और अपनी कप्तानी में उनका प्रदर्शन जबर्दस्त रहा है। उन्होंने इन 17 मैचों में 37 छक्के लगाए हैं। उन्होंने इसी के साथ कप्तान के रूप में इंटरनेशनल टी20 मैचों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का धोनी (34 छ्क्के) का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। रोहित इस मैच से पहले कप्तान के रूप में 31 छक्के लगा चुके थे और वे इस पारी में चौथा छक्का लगाते ही धोनी से आगे निकल गए। धोनी 62 पारियों में 34 छक्कों के साथ दूसरे और विराट 26 पारियों में 26 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।