हसीन जहां ने मोहम्मद शमी की तुलना आसाराम और राम रहीम से की
जब से टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) के खिलाफ कोलकाता की अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है तभी से उनकी पत्नी हसीन जहां (Haseen Jahan) मीडिया में बयानबाजी कर रही हैं | अब हसीन जहां ने मोहम्मद शमी को जेल जाने का डर दिखाया है | एनडीटीवी से बातचीत करते हुए हसीन जहां ने कहा कि जब आसाराम और राम रहीम जैसे लोग जेल जा सकते हैं तो फिर मोहम्मद शमी कौन है ? हसीन जहां ने शमी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि शमी को अमरोहा की पुलिस बचा रही थी | अगर वो अमरोहा में रहती तो वहां की पुलिस उन्हें जान से मार देती लेकिन लाल बाजार की पुलिस सच का साथ दे रही है |
हसीन जहां ने प.बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भी शुक्रिया अदा किया | साल 2018 में हसीन जहां ने मोहम्मद शमी और उनके भाई के खिलाफ IPC की धारा 498A के तहत घरेलू हिंसा का केस दर्ज कराया था | शमी की पत्नी हसीन जहां (Haseen Jahan) ने आरोप लगाया था कि शमी का दूसरी महिलाओं से अवैध संबंध हैं और इसी के चलते उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं | साल 2018 में मोहम्मद शमी पर उनकी पत्नी हसीन जहां ने मारपीट, रेप, हत्या की कोशिश और घरेलू हिंसा जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे | हसीन जहां ने शमी के फिक्सरों से संबंधों का भी दावा किया था हालांकि बीसीसीआई की जांच में शमी पूरी तरह बेकसूर पाए गए और इसीलिए वो टीम इंडिया में बने हुए हैं | वेस्टइंडीज दौरा खत्म हो चुका है और टीम इंडिया की वतन वापसी होने वाली है माना जा रहा है कि शमी कोलकाता लौटते ही सरेंडर करेंगे और कोर्ट में पेश होंगे | बीसीसीआई ने भी साफ तौर पर कह दिया है कि चार्जशीट देखे बिना वो शमी पर कोई कार्रवाई नहीं करेगी | वैसे अगर शमी का ये मामला फंसा तो उनका साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलना मुश्किल हो सकता है |




