एंजेलो मैथ्यूज ने इंडिया के खिलाफ तीसरा शतक ठोका

श्रीलंका के बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज ने इंडिया के खिलाफ शतक लगा दिया है | उन्होंने इंडिया के खिलाफ 115 गेंद में सैकड़ा पूरा किया | उन्होंने अपनी इस पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए | यह उनका वर्ल्ड कप में पहला शतक है | वहीं वे दूसरे श्रीलंकन क्रिकेटर हैं जिन्होंने इंडिया के खिलाफ वर्ल्ड कप शतक लगाया है | उनसे पहले महेला जयवर्धने ने 2011 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंडिया के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी | मैथ्यूज के वनडे करियर में तीन ही शतक हैं और ये सब इंडिया के खिलाफ ही बने हैं | इससे पहले उन्होंने 2014 में रांची वनडे और 2017 में मोहाली में भारत के खिलाफ शतकीय पारियां खेली थीं | रांची में उन्होंने नाबाद 139 और मोहाली में नाबाद 111 रन बनाए थे | हालांकि इन दोनों मैच में श्रीलंका को हार का सामना करना पड़ा था | श्रीलंका की पारी के 11वें ओवर में कुशल मेंडिस के तीसरे विकेट के रूप में आउट होने पर मैथ्यूज क्रीज पर आए थे | उन्होंने लाहिरु थिरिमाने के साथ पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की | दोनों ने जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव का बखूबी सामना किया और 124 रन की साझेदारी की | इन दोनों की पार्टनरशिप का ही कमाल था कि श्रीलंका शुरुआती झटकों से उबरा और सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा | श्रीलंका ने एक समय 55 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे | लेकिन मैथ्यूज ने पलटवार करते हुए मोर्चा संभाला और मौका मिलने पर रन बटोरे | इसी दौरान मैथ्यूज ने 76 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था |