विलियम्सन की टीम के लिए अफगानिस्तान का स्पिन जाल होगी चुनौती
न्यूजीलैंड ने अभी तक अपने दोनों मैच जीते हैं और वह विजय अभियान जारी रखना चाहेगा लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ अपेक्षाकृत छोटे लक्ष्य को हासिल करने के लिए उसे काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। रॉस टेलर के 82 रन की मदद से न्यूजीलैंड टीम ने यह मैच दो विकेट से जीता था। यह न्यूजीलैंड की दूसरी जीत है। इससे पहले उसने श्रीलंका को आसानी से दस विकेट से हराया था। टेलर ने भी माना कि एशियाई टीमों के खिलाफ स्पिन का अच्छी तरह से सामना करना जीत के लिए अहम है। टेलर ने कहा - अफगानिस्तान के पास कई अच्छे स्पिनर हैं और मुझे लगता है कि इस पर ध्यान देना जरूरी है। लेकिन हमने अब तक दोनों मैच जीते हैं और हम अपना विजय अभियान जारी रखने में सक्षम हैं। अफगानिस्तान ने अब तक अपने दोनों मैच गंवाए हैं लेकिन दोनों में उसने कड़ी चुनौती पेश की है। राशिद खान को मोहम्मद नबी के साथ मिलकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। नबी ने श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच में 30 रन देकर चार विकेट लिए थे। लेकिन अफगानिस्तान के लिए उसकी बल्लेबाजी चिंता का विषय है। पिछले मैच में उसके सामने डकवर्थ लुईस पद्वति से 41 ओवर में 187 रन का लक्ष्य था लेकिन उसकी टीम 152 रन पर आउट हो गई थी। अफगानिस्तान के कप्तान गुलबदीन नायब ने श्रीलंका से हार के बाद कहा था - हमें अपनी बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत है। हमें अधिक साझेदारी निभानी होंगी।




