उद्धव ठाकरे ने कहा 50:50 पर बीजेपी से हुई थी बात, डिप्टी सीएम के पद से नहीं मानेंगे
महाराष्ट्र में सियासी घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे और उनके द्वारा शिवसेना पर लगाए आरोपों के बाद उद्धव ठाकरे ने मीडियो को संबोधित किया। उद्धव ने कहा, भाजपा का मन काला हो गया है। अब हम और भाजपा के झांसे में नहीं आएंगे। भाजपा और आरएसएस को समझना चाहिए कि झूठ से कुछ हासिल नहीं होगा। चुनाव से पहले मीठी-मीठी बातें की गईं।
बकौल उद्धव, 'मैंने भाजपा से 50-50 पर साफ बात की थी। हम डिप्टी सीएम के लिए तैयार नहीं थे। हमने हर स्तर पर समझौता किया, लेकिन अब नहीं करेंगे। अब बराबरी की बात करेंगे। हमें ढाई-ढाई सीएम वाला फॉर्मूला चाहिए। मैंने अपने पिता से वादा किया था। पीएम मोदी ने मुझे दो बार अपना छोटा भाई कहा। कोई है जो नहीं चाहता कि भाजपा और शिवसेना साथ रहे।'

शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद उन्होंने मीडियो को भी संबोधित किया। फडणवीस जब यह बयान जारी कर रहे थे तब शिवसेना नेता संजय राउत, राकांपा सुप्रीमो शरद पवार के निवास पर थे। दोनों नेताओं ने साथ बैठकर यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सुनी। पवार के निवास से बाहर निकलकर राउत ने कहा, 'भाजपा के पास बहुमत नहीं है। यदि हो तो वे सरकार बना लें। शिवसेना जब चाहे तब सरकार बना सकती है, हम सभी से सम्पर्क में हैं और हमारा दावा है कि प्रदेश में कोई शिवसैनिक ही मुख्यमंत्री बनेगा।'



