CWC की बैठक में फैसला, सोनिया गांधी बनीं कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के इस्तीफे के बाद से कांग्रेस (Congress) के अध्यक्ष का पद लंबे समय से खाली पड़ा था | शनिवार को हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी (Congress Working Committee) की बैठक में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है साथ ही पार्टी की पूर्व अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया है | जल्द ही एआईसीसी का चुनाव होगा जिसमें पार्टी का स्थाई अध्यक्ष चुना जाएगा | स्थाई अध्यक्ष चुने जाने तक सोनिया गांधी ही पार्टी की कमान संभालेंगीं | राहुल के नहीं मानने के बाद सीडब्ल्यूसी ने सोनिया को अंतरिम अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया गया |
बैठक के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सीडब्लूसी की बैठक में सर्वसम्मति से तीन प्रस्ताव पारित हुए हैं | पहले प्रस्ताव में राहुल गांधी के नेतृत्व की तारीफ की गई | सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी ने भय और हिंसा के खिलाफ आवाज़ उठाई | दूसरे प्रस्ताव में राहुल गांधी को बतौर पार्टी प्रमुख चुना लेकिन राहुल ने विनम्रता से यह आग्रह ठुकरा दिया | इसके बाद कांग्रेस कार्यसमिति ने पार्टी के नए पूर्णकालिक अध्यक्ष चुने जाने तक सोनिया गांधी को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष चुना | गौरतलब है कि पार्टी के नये अध्यक्ष को लेकर मुकुल वासनिक, मल्लिकार्जुन खड़गे, अशोक गहलोत, सुशील कुमार शिंदे, ज्योतिरादित्य सिंधिया और सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ एवं युवा नेताओं के नामों की चर्चा है | वैसे, अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के कई नेता प्रियंका के नाम की पैरवी कर चुके हैं |































