अब नहीं बनेगे 'चार बोतल वोडका' जैसे गाने
पंजाब सरकार (Punjab Government) ऐसे कलाकारों के खिलाफ कानून बनायेगी जो अपने गीतों में नशे का महिमामंडित करते हैं | राज्य के मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) ने मंगलवार को यह जानकारी दी | पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री ने राज्य के कलाकारों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने गीतों और फिल्मों में नशे को बढ़ावा न दें और न ही बंदूक की संस्कृति को गौरवान्वित करें, क्योंकि युवा पीढ़ी उन्हें रोल मॉडल की तरह देखती है | चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब सरकार जल्द ही एक ऐसा कानून बनाने जा रही है जिसके जरिए नशे को (गीतों में) बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी | एक अधिकारिक बयान में कहा गया है कि मंत्री ने यह बात लोक गायिका पम्मी बाई से बैठक के दौरान कही |
पम्मी बाई ने नशे को बढ़ावा देने वाले कुछ पंजाबी गायकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि लोगों को इस बुराई के खिलाफ आगे आना चाहिये और ऐसे कलाकारों का 'सामाजिक बहिष्कार' किया जाना चाहिये | पंजाब में नशे की समस्या को लेकर बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर की फिल्म उड़ता पंजाब आई थी | इस फिल्म ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर काफी सुर्खियां पाई थीं | फिल्म के निर्देशक अभिषेक चौबे ने भी पंजाब की इस समस्या को लेकर चिंता जाहिर की थी |

