आयकर विभाग ने वी के शशिकला की करोड़ो की बेनामी सम्पत्ति को जब्त किया
आयकर विभाग (Income Tax Depatment) ने बड़ी कारवाई करते हुए तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता (J Jayalalithaa) की सहयोगी वी के शशिकला (VK Sasikala) की 1600 करोड़ की बेनामी सम्पत्ति को जब्त किया है | आधिकारियों ने इस बात की जानकारी मंगलवार को दी | शशिकला पिछले 4 सालों से कर्नाटक के परप्पाना अग्रहारा सेंट्रल जेल में हैं | अधिकारियों ने बताया कि शशिकला ने चेन्नई, पुदुचेरी और कोयम्बटूर में संपत्तियों को फर्जी नामों से ले रखा था | इन संपत्तियों का मूल्य 1500 करोड़ रूपये था, जिन्हें शशिकला ने नवबंर 2016 में नोटबंदी के दौरान खरीदा था |
अधिकारियों ने कहा कि शशिकला के खिलाफ बेनामी संपत्ति लेनदेन अधिनियम, 1988 की धारा 24 (3) के तहत कुर्की का अस्थायी आदेश जारी किया गया है | कर विभाग ने शशिकला और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ वर्ष 2017 में बड़े पैमाने पर छापे मारे थे और इन परिसंपत्तियों के बारे में दस्तावेज बरामद किए गए थे | वह आय से अधिक संपत्ति के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद बेंगलुरु की जेल में बंद हैं | अधिकारियों ने बताया कि इन परिसंपत्तियों को खरीदने के लिए नकद भुगतान किया गया था और निष्पादन का काम दोनों पक्षों के बीच ‘समझौता ज्ञापन’ पर हस्ताक्षर के जरिये किया गया | जबकि नोटबंदी के दौरान नगद लेन-देन पर रोक थी | विगत दिनों में इस मामले के संबंध में कर अधिकारियों द्वारा उनसे इस बारे में पूछताछ की गई थी |

