कांग्रेस और एनसीपी के बीच उपमुख्यमंत्री पद को लेकर घमासान
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के गुरुवार को महाराष्ट्र (Maharashtra) के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) के नाम को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है | हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उपमुख्यमंत्री पद को लेकर एनसीपी और कांग्रेस के बीच मनमुटाव बढ़ गया है | ऐसे में दोनों पार्टियों को खुश करने के लिए दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं | पहले खबर थी कि एनसीपी नेता अजित पवार उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं | उद्धव ठाकरे के शपथ लेने के बाद अब उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती त्रिपक्षीय गठबंधन (शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस) को साधना है | एनसीपी और कांग्रेस के बीच भले ही हर तरह के समझौते की बात कही जा रही हो लेकिन अंदरखाने अभी भी बहुत कुछ चल रहा है | कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि गुरुवार को हुई बैठक में भी सभी पार्टियों ने गृह, शहरी विकास, राजस्व, हाउसिंग एंड कोऑपरेशन मंत्रालयों पर अपना दावा ठोका है |

बताया जाता है कि राज्य के पूर्व सीएम पृथ्वीराज चव्हाण ने स्पीकर का पद लेने से इनकार कर दिया है | इसके बाद कांग्रेस ने डिप्टी सीएम और एक अतिरिक्त मंत्री पद की मांग रखी थी | यही नहीं जब से अजित पवार को डिप्टी सीएम बनाने की बात हुई थी, तभी से कांग्रेस और एनसीपी के अंदर कई नेताओं ने इसके खिलाफ आवाज उठाना शुरू कर दिया है | एनसीपी में भले ही अजित पवार की वापसी हो गई है लेकिन पार्टी नेताओं के बीच उन्हें लेकर अलग-अलग राय बन चुकी है | कांग्रेस और एनसीपी के बीच उपमुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमासान के कारण विधानसभा अध्यक्ष के चयन में भी देरी हो रही है | उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के महाराष्ट्र विकास अघाडी गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी | उद्धव ठाकरे के साथ शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के दो-दो मंत्रियों ने भी शपथ ली | मुंबई के शिवाजी पार्क में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई | इस मौके पर तीनों दलों के वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे |


