अयोध्या में अमेठी पुलिस ने शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां की
अयोध्या (Ayodhya) में श्रीराम जन्मभूमि के फैसले (Ayodhya Verdict) को देखते हुए अमेठी पुलिस (Amethi Police) ने सुरक्षा एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां की जा रही है | थानों में होने वाली गश्त को बढ़ा दिया गया है | मोटरसाइकिल रैली द्वारा गश्त और पीएसी के द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है | इतना ही नहीं सभी धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों, डिजिटल वालंटियर, व्यापार मण्डल आदि के साथ गांव-गांव जाकर, थाना स्तर, जनपद स्तर पर साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए समन्वय गोष्ठियां की जा रही हैं | पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को फैसले के बाद सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं | पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने इस संबंध में बताया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा राम जन्म भूमि के निर्णय के संबंध मे काफी व्यापक तैयारियां और बंदोबस्त किए जा रहे हैं | सांप्रदायिक सौहार्द बनाने के लिए समन्वय गोष्ठी हो रही हैं | इसमें ग्राम स्तर, थाना तहसील एवं जनपद स्तर पर गोष्ठीयां की जा रही है, जिसमें पुलिस और प्रशासन के अधिकारी संयुक्त रूप से मीटिंग कर रहे हैं |

उन्होंने बताया कि लोगों के बीच में कोई भी संशय और तनाव है तो उसका पहले से आभास और उसका निराकरण करने का प्रयास जारी है | इसी के साथ अफवाहों के संबंध में लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है | उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की सांप्रदायिक अफवाह उनके संज्ञान में आती है तो वह डायल 112 पर पुलिस को सूचित कर सकते हैं | उन्होंने बताया कि फैसले से पहले या फैसले के बाद अगर कोई अफवाह फैलाएगा तो उस पर आईपीसी की कड़ी से कड़ी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी | इन अफवाहों से यदि कोई हिंसा भड़केगी और उसमें कोई प्रतिभाग करेगा तो उसके खिलाफ रासुका और एनएसए जैसी कार्रवाई की जाएगी | सुरक्षा की दृष्टि से लगातार रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और होटल, ढाबे, सराय, बारात घर के साथ शराब के ठेकों पर लगातार के साथ पेट्रोलिंग के साथ चेकिंग की जा रही है |

