दिल्ली में प्रदुषण का स्तर गिरा हवा चलने से पड़ा असर
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को हवा की गति में मामूली वृद्धि होने से प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आई है लेकिन वायु गुणवत्ता अब भी 'बेहद गंभीर' की श्रेणी में बनी हुई है। सुबह चार बज कर 38 मिनट पर दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 438 रहा, वहीं अलीपुर, नरेला और बवाना में एक्यूआई क्रमश: 493, 486 और 472 रहा। ओड इवन का हुआ फायदा। इस बार ऑड-ईवन नियम के दायरे से दोपहिया वाहनों को बाहर रखा गया है लेकिन सीएनजी वाहनों को इसके दायरे में रखा गया है। सीएनजी से चलने वाली प्राइवेट गाड़ियों को इस बार ऑड-ईवन से छूट नहीं है। दूसरे राज्यों से दिल्ली में आने-जाने वाली गाड़ियों पर भी यह नियम लागू होगा।
दिल्ली सरकार ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को ऑड-ईवन स्कीम के प्रतिबंध से छूट दी जाएगी। दिल्ली सरकार ऑड ईवन योजना से इलेक्ट्रिक वाहनों को छूट देने का रविवार को फैसला किया। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने एक बयान में कहा कि शहर में पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या एक हजार से कम है और उनसे किसी तरह का जाम लगने की संभावना नहीं है। गहलोत ने कहा, 'लिहाजा, इन वाहनों को सम-विषम पाबंदियों से छूट देने का फैसला किया गया है।' उल्लंघन करने वालों पर 4,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यातायात पुलिस में हेड कांस्टेबल एवं उच्च स्तर के अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार, एटीआई और डीटीसी के उच्च पदस्थ अधिकारियों को उल्लंघनकर्ताओं का चालान काटने के लिए अधिकृत किया गया है।
दिल्ली सरकार की 2,000 निजी बसों को किराए पर लेने की योजना को आंशिक सफलता मिली है क्योंकि रविवार शाम तक करीब 800 बसें ही पंजीकृत हुईं। परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि रात तक यह संख्या 1,000 के पार जाने की संभावना है। दिल्ली मेट्रो सम-विषम योजना के 11 दिन की अवधि में 61 अतिरिक्त फेरे संचालित करेगी। रविवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई(AQI) 494 रहा। यह छह नवंबर 2016 के बाद से सर्वाधिक है। उस वक्त एक्यूआई 497 था। एक्यूआई 0-50 के बीच 'अच्छा, 51-100 के बीच 'संतोषजनक, 101-200 के बीच 'मध्यम, 201-300 के बीच 'खराब, 301-400 के बीच 'अत्यंत खराब, 401-500 के बीच 'गंभीर और 500 के पार 'बेहद गंभीर माना जाता है।





























