झारखण्ड विधान सभा चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट

नयी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उम्मीदवारों की सूची जारी की। भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को अपने 52 प्रत्याशियों का एलान कर दिया। मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्वी से चुनाव लड़ेंगे, तो नगर विकास मंत्री सीपी सिंह रांची विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाये गये हैं। नवीन जायसवाल को हटिया से प्रत्याशी बनाया गया है।
पार्टी ने पांच महिला उम्मीदवारों को उतारा है. दुमका से डॉ लुइस मरांडी, कोडरमा से डॉ नीरा यादव, झरिया से रागिनी सिंह, पोटका से मेनका सरदार और छतरपुर से पुष्पा देवी को टिकट मिला है. खबर है कि 10 वर्तमान विधायकों का टिकट कट गया है। इससे पहले, जेपी नड्डा ने रघुवर दास के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि झारखंड में रघुवर दास के नेतृत्व में और मोदी जी के राष्ट्रीय नेतृत्व में सभी सरकारी योजनाओं के माध्यम से झारखंड की तस्वीर और तकदीर बदली है। इसलिए झारखंड में हम बहुत अच्छे से सरकार बनायेंगे, ऐसा हमारा विश्वास है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में रघुरवर दास जी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार रोका गया है। इसी के कारण प्रदेश विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। झारखंड में बहुत ही सकारात्मक सहयोग का वातावरण देखने को मिलता है। समाज के सभी वर्गों का समर्थन रघुवर दास जी को मिल रहा है. पिछले पांच सालों में भाजपा की सरकार के कारण चेंज देखने को मिला है, इसीलिए लोगों का समर्थन उभर के आया है।