अजीत पवार ने शिवसेना के लिए कही ये बड़ी बात
महाराष्ट्र (Maharashtra) में सियासी महाभारत के बीच एनसीपी नेता (NCP Leader) अजीत पवार (Ajit Pawar) ने एक बड़ा खुलासा किया है | महाराष्ट्र में सरकार बनाने की देरी के बारे में खुलासा करते हुए उन्होंने कहा कि जिस पार्टी शिवसेना (Shiv Sena) को हम समर्थन देने जा रहे थे तो उसका और हमारा घोषणा पत्र अलग था | इसी के चलते तीनों दल बैठक कर साझा कार्यक्रम (CMP) तय करेंगे | एनसीपी नेता अजीत पवार ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि अगर सरकार बनाने की जुगत में तीन दल हैं तो उनका एक उम्मीदवार होना चाहिए | उन्होंने कहा कि आज हमारे नेता जयंत पाटिल दलों के बीच आगे की चर्चा के लिए बाला साहेब थोराट (महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष) को आमंत्रित करेंगे |
एनसीपी नेता ने शिवसेना से चर्चा के मुद्दे पर कहा कि जहां तक शिवसेना की बात है तो वे गठबंधन सहयोगियों के साथ चर्चा करने के बाद ही कोई फैसला लेंगे | पवार ने कहा - हमारे पास एक आम घोषणा पत्र था और शिवसेना का घोषणापत्र अलग था | इसलिए हम पहले कांग्रेस के साथ मिलकर साझा एजेंडा तय करेंगे और उसके बाद शिवसेना पर चर्चा करेंगे | उन्होंने साझा बैठक के बारे में तिथि घोषित करने की भी बात कही है | अजीत पवार ने बताया कि अगर तीन दलों के बीच दलबदल के हालात हैं तो तीनों ही दल एक उम्मीदवार पर बात कर सकते हैं, ऐसे में हमें कोई भी खारिज नहीं कर पाएगा | एनसीपी नेता अजीत पवार ने कहा कि हमारे सभी विधायकों का कहना है कि महाराष्ट्र को जल्द से जल्द नई सरकार मिलनी चाहिए | उन्होंने कहा कि एनसीपी ने राज्यपाल को एक पत्र देकर तीन दिनों की मोहलत मांगी थी, क्योंकि कांग्रेस के नेता यहां नहीं थे और सुबह स्थिति अलग थी | हम पूरी प्रक्रिया के लिए अधिक समय चाहते थे |





























