PM मोदी 2 नवंबर को थाईलैंड के दो दिवसीय दौरे पर जा रहे है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) 2 नवंबर को थाईलैंड (Thailand) के दो दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं | विदेश मंत्रालय की सचिव विजय ठाकुर सिंह (Vijay Thakur Singh) ने इस बात की जानकारी दी है | उन्होंने बताया कि पीएम मोदी 2 से 4 नवंबर तक बैंकॉक (Bangkok) में रहेंगे | यहां प्रधानमंत्री भारतीय लोगों को संबोधित करेंगे | इसके बाद बैंकॉक में 16वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे | विजय ठाकुर सिंह (Vijay Thakur Singh) ने बताया कि पीएम मोदी (PM Narendra Modi) बैंकॉक में 14वें पूर्वी एशिया शिखर वार्ता (ईएएस) और क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक भागीदारी बैठक (आरसीईपी) में भी भाग लेंगे | इसके अलावा पीएम मोदी 2 नवंबर को थाईलैंड में गुरु नानक देव की 550वीं जयंती के अवसर पर एक सिक्का जारी करेंगे | हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है | पीएम मोदी दो दिन पहले ही सऊदी अरब की यात्रा से आए हैं | सऊदी अरब में पीएम मोदी ने शाह सलमान बिन अब्दुल अजीज और युवराज मोहम्मद बिन सलमान के साथ मुलाकात की थी |
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि सऊदी अरब और भारत का रिश्ता हजारों साल पुराना है | पीएम ने अपने भाषण में टेक्नोलॉजी के विकास पर जोर दिया | उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी के विकास के लिए भारत ने स्टार्टअप, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और स्कूल लेवल पर इनोवेशन पर जोर दिया था | उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट अप इकोसिस्टम बन गया है | प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के बाद सऊदी अरब भारत में 100 अरब डॉलर का निवेश करेगा, जो 2017-2018 के 27.48 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार से करीब चार गुना है | सऊदी अरब का ये निवेश विशेष कर ऊर्जा क्षेत्र में होगा | इस निवेश से भारत में रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल क्षेत्र मजबूत होगा | इसके साथ ही इस विदेशी निवेश का एक बड़ा हिस्सा कृषि और खनन में क्षेत्र में भी लगेगा | यह साफ है कि इस विदेशी निवेश से एक ओर जहां भारत ऊर्जा और पेट्रोलियम क्षेत्र में मजबूत होगा | वहीं कृषि और खनन जैसे क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव दिखेगा |