डॉक्टर के घर से दो हजार से ज्यादा भ्रूण के अवशेष मिले
अमेरिका के इलिनोइस राज्य में गर्भपात कराने वाले एक डॉक्टर के घर से दो हजार से ज्यादा भ्रूण के अवशेष मिले हैं। इतनी बड़ी संख्या में भ्रूण मिलने से हर कोई हैरान है। जिस डॉक्टर के घर से यह बरामदगी हुई है, वह अब इस दुनिया में नहीं है। इलिनोइस के विल काउंटी निवासी डॉक्टर उलरिच क्लोफर के घर से भ्रूण बरामद किए गए हैं। उनका गत तीन सितंबर को निधन हो गया। काउंटी के शेरिफ दफ्तर ने बताया कि घर में भ्रूण मिलने पर डॉक्टर उलरिच क्लोफर के पारिवारिक वकील ने अधिकारियों से संपर्क किया था। इसके बाद क्लोफर के घर पर पहुंचे अफसरों ने संरक्षित कर रखे गए 2,246 भ्रूण बरामद किए।
हालांकि उलरिच के घर पर गर्भपात किए जाने का कोई प्रमाण नहीं मिला। इंडियाना राइट टू लाइफ संगठन के अध्यक्ष माइक फिशर ने कहा - क्लोफर के घर से इतनी बड़ी संख्या में भ्रूण मिलने से हम सहम गए हैं। इससे यह जाहिर होता है कि अमेरिका में गर्भपात उद्योग तेजी से बढ़ रहा है और इसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने की जरूरत है। क्लोफर इंडियाना राज्य के साउथ बेंड में क्लीनिक चलाते था। प्रांतीय सरकार ने उसके क्लीनिक का लाइसेंस 2015 में रद कर दिया था। इसके चलते क्लीनिक बंद कर दिया गया था। क्लोफर ने कई दशकों के दौरान अबॉर्शन (गर्भपात) के हजारों ऑपरेशन किए थे।



