एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने अपने पति पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया
छोटे पर्दे की मशहूर एक्ट्रेस श्वेता तिवारी (Shweta Tiwari) ने पति अभिनव कोहली (Abhinav Kohli) पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है | इस मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है | श्वेता की शिकायत के मुताबिक अभिनव (Abhinav Kohli) ने बेटी पलक के साथ भी मारपीट की | श्वेता के साथ पलक भी पुलिस स्टेशन के बाहर रोती नजर आईं | स्पॉट बॉय में छपी खबर की मानें तो अभिनव (Abhinav Kohli) पत्नी श्वेता (Shweta Tiwari) और बेटी पलक के साथ अक्सर ही बुरा व्यवहार करते थे | जब बात बिना सोचे समझे हाथ उठाने तक पहुंच गई तो उन्होंने मामले को पुलिस के पास ले जाना ही ठीक समझा | मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अभिनव, पलक पर अभद्र कमेंट करते थे |
श्वेता के मुताबिक साल 2017 में अभिनव ने पलक को अपने मोबाइल में एक मॉडल की अश्लील फोटो दिखाई थी | अब जब श्वेता ने पुलिस में शिकायत की तो उनकी और पलक की मौजूदगी में करीब 4 घंटे तक अभिनव से पूछताछ की गई | इस मामले में अभिनव को गिरफ्तार कर लिया गया है | यह मामला मुंबई के समता नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है | बता दें कि श्वेता घरेलू हिंसा के मामले को लेकर दूसरी बार चर्चा में आई हैं | अभिनव से पहले श्वेता के पति रहे राजा चौधरी का बर्ताव भी कुछ अच्छा नहीं था | राजा ने उनके साथ नशे में मारपीट तक की थी | इसके बाद श्वेता उनसे तलाक लेकर अलग हो गईं |


