लगातार दूसरे दिन सोने और चांदी के दाम गिरे
आभूषण निमार्ताओं की ओर से ग्राहकी कमजोर रहने से दिल्ली सरार्फा बाजार में सोना लगातार दूसरे दिन कमजोर पड़ा और गुरुवार को 25 रुपये टूटकर 38,545 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। चाँदी भी 725 रुपये लुढ़ककर 46,775 रुपये प्रति किलाग्राम के भाव पर बंद हुई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा नीतिगत ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की कटौती के बाद विदेशों में आज पीली धातु में तेजी देखी गयी। हालाँकि फेड ने भविष्य के रुख के बारे में मिश्रित संकेत दिये हैं। इस बार की काटौती का फैसला भी सर्वसम्मति से नहीं हुआ। लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 4.55 डॉलर चढ़कर 1,497.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। हालाँकि, दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा 10.80 डॉलर की गिरावट के साथ 1,505 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

चाँदी हाजिर 0.01 डॉलर की बढ़त में 17.17 डॉलर प्रति औंस पर रही। स्थानीय बाजार में सोने में लगातार दूसरे दिन नरमी का रुख रहा। पितृपक्ष चलने के कारण इस समय ग्राहकी कमजोर है। वही आठ ग्राम वाली गिन्नी 30 हजार रुपये पर टिकी रही। चाँदी की औद्योगिक माँग कमजोर रहने से उसमें बड़ी गिरावट देखी गयी। चाँदी हाजिर 725 रुपये लुढ़ककर 46,775 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी। चाँदी वायदा 622 रुपये की गिरावट में 46,235 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली भी 20-20 रुपये टूटकर क्रमश: 940 रुपये और 950 रुपये प्रति इकाई के भाव बिके।


