UPCM श्री Yogiadityanath जी रायबरेली में प्रधानमंत्री Narendramodi के साथ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राफेल लड़ाकू विमान खरीद मामले में उच्चतम न्यायालय से ‘‘क्लीन चिट’’ मिलने के बाद आज कांग्रेस पर देशविरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का आरोप लगाते हुए कहा कि झूठ को ही अपना मूलमंत्र बना चुकी यह पार्टी किसी भी कीमत पर देश को कमजोर करना चाहती है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली में करीब 1100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद एक जनसभा में कहा कि आज देश यह देख रहा है कि मोदी पर दाग लगाने में जुटी कांग्रेस उन ताकतों के साथ खड़ी है, जो हमारी सेनाओं को मजबूत नहीं होने देना चाहती। ऐसे लोगों की कोशिशों को किन-किन देशों से समर्थन मिल रहा है, यह भी देश देख रहा है। क्या कारण है कि यहां कुछ नेता ऐसी भाषा बोल रहे हैं, जिस पर पाकिस्तान में तालियां बज रही हैं।
मोदी ने राफेल मामले पर उच्चतम न्यायालय के हाल के निर्णय पर पहली बार अपने सार्वजनिक सम्बोधन में कहा ‘‘मैं जानता हूं कि वो (कांग्रेस) मोदी पर दाग लगा देना चाहते हैं, लेकिन मैं उनसे जानना चाहता हूं कि इसके लिये देश को ताक पर क्यों रख दिया गया है। क्यों देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। आज देश के सामने दो पक्ष हैं, एक सत्य, सुरक्षा और सरकार का है जो हर तरह से कोशिश कर रही है कि हमारी सेना की ताकत बढ़े। दूसरा पक्ष उन ताकतों का है जो किसी भी कीमत पर देश को कमजोर करना चाहती हैं।’’ मोदी ने कहा कि जब देश की सुरक्षा की बात हो, सेना की जरूरतों की बात हो, सैनिकों के सम्मान की बात हो, केन्द्र की भाजपानीत सरकार सिर्फ एक ही बात का ध्यान रखती है, राष्ट्रहित, देशहित और जनहित। यही हमारी परवरिश है। यही हमारी सरकार के संस्कार हैं। हमारी सरकार देश के हर सैनिक और उसके परिवार के प्रति जवाबदेह है। किसी एक परिवार के प्रति नहीं। प्रधानमंत्री ने किसानों के मसलों पर भी कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया और कहा कि कांग्रेस के पास इस बात का क्या जवाब है कि उसने अपने राज में स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट क्यों नहीं लागू की। आखिर किसका दबाव था। क्यों उसने न्यूनतम समर्थन मूल्य जैसे अहम विषय को जमीन के भीतर ही गाड़ दिया था। इसका जवाब कांग्रेस कभी नहीं देगी और ना ही उसका बनाया ‘इकोसिस्टम’ कभी उससे पूछेगा।
मोदी ने रामचरित मानस की एक चौपाई का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर प्रहार किया और कहा कि कुछ लोग झूठ ही स्वीकार करते हैं, झूठ ही देते हैं, झूठ ही भोजन करते हैं और झूठ ही चबाते रहते हैं। कुछ लोगों ने इन्हीं पंक्तियों को अपने जीवन का मूलमंत्र बना लिया है। ऐसे लोगों के लिये देश के रक्षा मंत्रालय, वायुसेना और फ्रांस की सरकार के बाद अब उन्हें देश की सर्वोच्च अदालत भी झूठी लगने लगी है। कांग्रेस सरकारों का इतिहास और सेना के प्रति उसका रवैया कैसा रहा है, इसके लिये यह देश उसे कभी माफ नहीं करेगा।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने रायबरेली स्थित मॉडर्न कोच फैक्ट्री का निरीक्षण किया। साथ ही 1051 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मोदी ने एम्स में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भवन और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 500 आवासों का शिलान्यास किया, वहीं कानपुर बाइपास पुल, एम्स में टाइप-2 के तीन ब्लॉक तथा टाइप 3, 4, 5 के एक-एक ब्लॉक के आवास तथा छात्रावास का लोकार्पण किया। इसके अलावा, उन्होंने हमसफर रेल कोच को भी लोकार्पित किया।
मेधज न्यूज़ के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक करें। आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं।
...



