सुप्रीम कोर्ट ने 10 बागी विधायकों से कहा कि शाम छह बजे वे विधानसभा स्पीकर से मिले
कर्नाटक में राजनीतिक उठापटक जारी है। सुप्रीम कोर्ट ने इस्तीफा देने वाले कांग्रेस-जेडीएस के 10 बागी विधायकों से कहा है कि गुरुवार शाम छह बजे वे विधानसभा स्पीकर रमेश कुमार से मुलाकात करें। अगर वे चाहते हैं तो उन्हें इस्तीफा दे सकते हैं। कोर्ट ने कहा कि विधानसभा स्पीकर इस पर आज ही फैसला लें और अपना निर्णय शुक्रवार को बताएं। साथ ही कर्नाटक पुलिस को सभी बागी विधायकों को सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने गुरुवार को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, बैठक में सभी मंत्री उपस्थित होंगे। क्योंकि उन्होंने अपने पार्टी अध्यक्ष को इस्तीफा सौंपा है, मुख्यमंत्री को नहीं। वहीं, 11 से 14 जुलाई तक बेंगलुरु के विधानसौधा इलाके में धारा 144 लागू की गई है। इस दौरान इलाके में एक जगह चार से अधिक लोग नहीं रह सकते हैं। कांग्रेस नेता एसटी सोमशेखर बुधवार देर रात वापस बेंगलुरु आ गए। सोमशेखर बेंगलुरु डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीडीए) के अध्यक्ष हैं। बीडीए की गुरुवार सुबह बैठक होने वाली है। उन्होंने कहा - मैं यहीं रहूंगा, वापस मुंबई नहीं जा रहा हूं। मैंने विधायकी से इस्तीफा दिया है, लेकिन अभी भी कांग्रेस में हूं। इस्तीफा स्वीकार नहीं किए जाने पर बागी विधायकों ने कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर रमेश कुमार के खिलाफ याचिका दाखिल की थी। इस मामले पर गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो सकती है। बुधवार को विधायकों ने स्पीकर पर आरोप लगाया था कि रमेश कुमार अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पालन नहीं कर रहे हैं। वह जानबूझकर इस्तीफे की स्वीकृति में देरी लगा रहे हैं। वहीं, बुधवार को कांग्रेस के दो और विधायकों के सुधाकर और एमटीबी नागराज ने इस्तीफा दे दिया। यह जानकारी स्पीकर रमेश कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि विधायकों के मामले में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। सभी व्यक्तियों के लिए कानून एक समान है। उमेश कामतल्ली, बीसी पाटिल, रमेश जारकिहोली, शिवाराम हेब्बर, एच विश्वनाथ, गोपालैया, बी बस्वराज, नारायण गौड़ा, मुनिरत्ना, एसटी सोमाशेखरा, प्रताप गौड़ा पाटिल, मुनिरत्ना और आनंद सिंह इस्तीफा सौंप चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के निलंबित विधायक रोशन बेग ने भी मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। बुधवार को के सुधाकर, एमटीबी नागराज ने इस्तीफा दिया।
























