POK से आए कश्मीरी परिवारों को मोदी सरकार ने दिवाली का तोहफा दिया
केन्द्रीय कैबिनेट की बुधवार को हुई बैठक में मोदी सरकार ने महंगाई भत्ते को पांच फीसदी बढ़ाने समेत कई अहम फैसले लिए। सरकार ने पीओके से विस्थापित होकर भारत के कई राज्यों में आकर बसे करीब 5300 कश्मीरी परिवारों को दिवाली का तोहफा दिया। इन 5300 परिवारों का नाम शुरुआत में विस्थापितों की लिस्ट में शामिल नहीं था। लेकिन अब केन्द्र सरकार ने फैसला लिया है कि इनका नाम लिस्ट में भी शामिल किया जाएगा और आर्थिक सहायता दी जाएगी। अब इन परिवारों को केंद्र की ओर से साढ़े पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी, ताकि ये कश्मीर में आकर बस सकें। इसकी मांग काफी लंबे समय से उठ रही थी।
बैठक के बाद सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने संवाददाताओं को बताया - साल 2016 में प्रधानमंत्री ने पीओके के विस्थापितों के लिये 5.5 लाख रूपये प्रति परिवार के पैकेज की घोषणा की थी। लेकिन तब इसमें 5300 परिवार शामिल नहीं हो सके थे क्योंकि वे जम्मू कश्मीर से बाहर थे और उनका नाम नहीं आया था। उन्होंने बताया कि आज के निर्णय से 5300 परिवारों को इसमें शामिल कर लिया गया है। जावडेकर ने कहा कि इस फैसले से इन परिवारों के साथ न्याय हुआ है । इस फैसले का पूरे कश्मीर घाटी में स्वागत होगा।

