आज RCB का KKR के खिलाफ करो या मरो’ का मुकाबला
लगातार तीन हार झेलने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स आज ईडन गार्डन्स मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच से जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी। दो बार की चैम्पियन कोलकाता लीग के 12वें संस्करण में आठ मैचों में चार जीत और इतने ही हार के साथ तालिका में छठे नंबर पर काबिज है। वहीं, दूसरी तरफ बेंगलोर की टीम आठ मैचों में एक जीत और सात हार के साथ तालिका में सबसे नीचे आठवें नंबर पर है। 8 में से सात मैच हारकर ‘अगर-मगर’ के फेर में फंसी विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को आईपीएल में बने रहने के लिये शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को हर हालत में हराना होगा। केकेआर लगातार तीन मैच हारकर अंकतालिका में दूसरे से छठे स्थान पर खिसक चुकी है लिहाजा आरसीबी के पास जीतने का सुनहरा मौका है। केकेआर के ट्रंपकार्ड आंद्रे रसेल को भी बाएं कंधे में चोट लगी है जिन्हें अभ्यास के दौरान बाउंसर लग गया था।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच से पहले भी वह पूरे फिट नहीं थे और टूर्नमेंट में पहली बार नाकाम रहे। इससे केकेआर की उन पर अत्यधिक निर्भरता भी उजागर हो गई। रसेल ने आरसीबी के खिलाफ पिछले मैच में 13 गेंद में नाबाद 48 रन बनाए थे और केकेआर ने 206 रन के लक्ष्य का पीछा करके जीत दर्ज की थी। यह देखना होगा कि रसेल समय पर फिट हो पाते हैं या नहीं। उनकी गैर मौजूदगी केकेआर को बहुत खलेगी जिसकी नजरें जीत की राह पर लौटने पर लगी होंगी। आरसीबी को तेज गेंदबाजों ने निराश किया है। युवा नवदीप सैनी ने प्रभावी प्रदर्शन किया, जबकि उमेश यादव फ्लॉप रहे जिन्हें महज दो विकेट मिल सके। नाथन कूल्टर नाइल की चोट की वजह से दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन टीम में आए हैं, जिससे तेज आक्रमण मजबूत होने की उम्मीद है। केकेआर की तेज गेंदबाजी भी औसत ही रही है, जबकि बल्लेबाजों की ऐशगाह ईडन की पिच पर उसके स्पिनर भी खास कमाल नहीं कर सके हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स: दिनेश कार्तिक (कप्तान), सुनील नरेन, आंद्रे रसेल, कार्लोस ब्रैथवेट, जो डेनली, लॉकी फर्ग्यूसन, क्रिस लिन, रॉबिन उथप्पा, हैरी गर्नले, कुलदीप यादव, पीयूष चावला, नीतीश राणा, संदीप वॉरियर, केसी करियप्पा, शुभमन गिल, श्रीकांत मुंधे, निखिल नाइक, पृथ्वी राज और प्रसिद्ध कृष्णा।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), एबी डि विलियर्स, पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, शिमरोन हेटमेयर, शिवम दूबे, नाथन कल्टर-नाइल, वाशिंगटन सुंदर, उमेश यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज, हेनरिक क्लासेन , मोइन अली, कोलिन डि ग्रांडहोम, पवन नेगी, टिम साउदी, अक्षदीप नाथ, मिलिंद कुमार, देवदत्त पडिक्कल, गुरकीरत सिंह, प्रार्थना रे बर्मन, कुलवंत खेजरोलिया, नवदीप सैनी, हिम्मत सिंह।


