बस और ट्रक की टक्कर में, 10 की मौत और 20 से ज्यादा घायल
राजस्थान के बीकानेर में सोमवार सुबह एक बस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हुई, 20 से ज्यादा घायल हैं। हादसा श्रीडूंगरगढ़ इलाके में हुआ। टक्कर के दौरान बस का अगला हिस्सा ट्रक में घुस गया। दोनों वाहनों में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्यूबवेल से पानी लाकर आग बुझाई। हालांकि, इस दौरान कई यात्री बुरी तरह झुलस गए। जख्मी यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बस बीकानेर से बस सुबह 6.30 बजे जयपुर के लिए चली थी और एक घंटे बाद हादसे का शिकार हो गई। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में कोहरे के कारण हादसा होने की बात सामने आ रही है। इससे पहले 11 नवंबर को बीकानेर जिले के देशनोक कस्बे के पास एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया था कि यह हादसा उस समय हुआ जब एक मिनी बस सामने से आ रही जीप से जा टकराई। भीषण टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने अस्तपाल में दम तोड़ दिया।























