मां ने अपनी जान गंवाकर अपनी बेटी की जान बचाई

कहते हैं कि मां अपने बच्चों के भले के लिए किसी भी हद तक जा सकती है चाहे उसे अपनी जान जोखिम में ही क्यों न डालनी पड़े | वह रत्ती भर भी परवाह नहीं करती | एक बार फिर एक मां ने अपनी जान गंवाकर अपनी बेटी की जान बचाई है | दरअसल, मामला मध्य प्रदेश (मध्य प्रदेश) के रतलाम (Ratlam) जिले के बाजना थाना क्षेत्र का है | गुरुवार को बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम जाम्बुखादन में खेत में बने कुएं के पास 27 वर्षीय मां रेशमा अपनी 8 वर्षीय बेटी के साथ बैठी हुई थी | रेशमा अपनी बच्ची के साथ अपने ही खेत में बने कुएं में पानी भरने गई थी तभी अचानक उसकी बच्ची असंतुलित होकर गहरे कुएं में गिर गई |
इसके बाद रेशमा ने बिना सोचे समझे अपनी बच्ची को बचाने के लिए उसी कुएं में छलांग लगा दी | काफी मशक्कत करने के बाद वो जैसे तैसे अपनी बच्ची को बचा पाई | आसपास के लोगों को जब कुएं से चीखने की आवाज आई तो ग्रामीण कुएं की तरफ दौड़े | उन्होंने बच्ची को बाहर निकाल लिया | घटना की जानकारी लगने पर रेशमा के परिवारजन उस कुएं में कूदे पर अधिक गहराई में चले जाने से वो रेशमा को नहीं बचा पाए | सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद रेशमा को बाहर निकाला | उसे बाजना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया | शुक्रवार को मृतिका के शव का पोस्टमार्टम होगा जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा | थाना प्रभारी दीपक मंडलोई ने बताया कि घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि महिला अपनी बच्ची को बचाने के लिए कुएं में कुदी थी | बच्ची को तो बचा लिया मगर रेशमा पानी मे डूब गई |