आने वाले दिनों में राजधानी के वायु प्रदूषण के और खराब होने की आशंका
राष्ट्रीय राजधानी (New Delhi) में रविवार की सुबह धुंध भरी रही | दिवाली (Diwali) से पहले ही यहां की हवा में 'जहर' घुल गया है | पड़ोसी राज्य हरियाणा (Haryana) और पंजाब (Punjab) में पराली जलाने के कारण हवा की गुणवत्ता (Air Quality) पर असर पड़ने की बात कही जा रही है | दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (Air Quality Index- AQI) 292 तक पहुंच गया, जो 'खराब' की श्रेणी में आता है | आने वाले दिनों में राजधानी के वायु प्रदूषण के और खराब होने की आशंका है | दिल्ली के आनंद विहार इलाके में सबसे अधिक एक्यूआई दर्ज किया गया है | यहां पर इसका स्तर 292 था | वहीं, बवाना में 288, अशोक विहार में 260 और बुराड़ी क्रॉसिंग पर इसका स्तर 262 दर्ज किया गया |
वहीं, हरियाणा में पड़ने वाले एनसीआर के इलाकों में AQI 350 के ऊपर तक पहुंच गया | यह बहुत खराब की श्रेणी है | रविवार को करनाल में AQI 351 दर्ज किया गया | वहीं गाजियाबाद, फरीदाबाद, नोएडा, बागपत, मुरथल में एक्यूआई क्रमश: 287, 233, 275, 258 और 245 दर्ज किया गया | 0 और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी का माना जाता है | केंद्र सरकार द्वारा संचालित वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली (सफर) ने कहा कि पराली जलने से निकलने वाला धुआं 15 अक्टूबर तक दिल्ली के प्रदूषण का छह फीसदी हिस्सा बन जाएगा | ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के 10 सदस्यीय कार्यबल ने शुक्रवार को पंजाब और हरियाणा से पराली जलने की घटनाओं और दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर एक बैठक आयोजित की थी |





