73वें स्वतंत्रता दिवस पर अभिनंदन वर्धमान को मोदी सरकार देगी वीर चक्र
कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को CRPF के काफिले पर हुए फिदायीन हमले की जिम्मेदारी आतंकी मसूद अजहर के संगठन ने ली थी। हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारतीय वायुसेना ने बालाकोट स्थित आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी, जिसमे बहुत से आतंकियों की मरने की खबर सामने आयी थी। एयर स्ट्राइक से बौखलाए पाकिस्तान ने अगले दिन यानी 27 फरवरी को कुछ एफ-16 विमानों को कश्मीर में भारत के सैन्य ठिकानों पर हमले के लिए भेजा था। पाकिस्तानी विमानों ने घुसपैठ कर हमले की कोशिश की, लेकिन भारतीय वायुसेना की मुस्तैदी से उसके नापाक मंसूबे ध्वस्त हो गए। भारत के मिग-21 और मिराज 2000 लड़ाकू विमानों ने उन्हें खदेड़ा था।

मिग-21 के पायलट अभिनंदन ने डॉग फाइट में पाक विमान को मार गिराया था। इस दौरान भारतीय विमान भी पीओके में जा गिरा और पाक सैनिकों ने अभिनंदन को पकड़ लिया था। इसके बाद भारत ने कूटनीतिक तरीके से 1 मार्च को उन्हें छुड़ा लिया था। पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक के बाद पाक अधिकृत कश्मीर (POK ) में F-16 फाइटर जेट को मार गिराने वाले विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को 73वें स्वतंत्रता दिवस पर वीर चक्र से नवाजा जाएगा। वीर चक्र युद्धकाल में अदम्य साहस के लिए दिया जाने वाला तीसरा सबसे बड़ा सैन्य सम्मान है। पहले नंबर पर परमवीर चक्र और दूसरे पर महावीर चक्र हैं। स्क्वाड्रन लीडर एम. अग्रवाल को युद्ध सेवा मेडल से दिया जाएगा।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ अभियान में शहीद प्रकाश जाधव को मरणोपरांत कीर्ति चक्र और 8 सैनिकों को शौर्य चक्र से नवाजा जाएगा। इनमें से 5 को यह सम्मान मरणोपरांत मिलेगा। केंद्र सरकार ने इस बार 96 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार देने का फैसला किया है। इनमें 15 सीबीआई से हैं।









